Be professional mehndi artist/Career as a Mehndi Artist

मेहंदी डिज़ाइनर बनकर सजाएं अपना कॅरियर

BY: Team digitalnaari

एक जमाना था जब महिलाओं का हुनर सिर्फ घर की चार दीवारी या आसपड़ोस के कुछ घरों तक ही सिमटकर खत्म हो जाया करता था। मगर डिजिटल हो चला दौर कुछ अलग है। आपकी प्रतिभा की उड़ान की कोई सीमा नहीं। अपने इस शौक को कॅरियर बनाकर धन भी कमा सकती हैं। मेहंदी की लोकप्रियता भारतीय महिलाओं के बीच कभी कम नहीं होती। बाजारों और मॉल्स में मेंहदी लगाने वाले पुरुष अपना छोटा-सा सेटअप लेकर बैठे होते हैं। जहां आने वाली लड़कियां और महिलाएं बड़े चाव से इनसे मेहंदी लगवाती हैं।  एक प्रोफेशनल मेहंदी डिजाइनर या मेहंदी आर्टिस्ट बनने के लिए आपको बहुत ज्यादा परिश्रम करने की आवश्यकता नहीं।

कोर्स कहां से करें
बहुत-सी लड़कियों में जन्म से ही यह प्रतिभा होती है। बस उसे थोड़ा-सा उभारने और निखारने की जरूरत होती है। अभ्यास के जरिए आप इसमें एक्सपर्ट बन सकती हैं। हालांकि मेहंदी आर्ट में कोर्स करने के लिए किसी विशेष शैक्षिणिक योग्यता की आवश्यकता नहीं है। मगर किसी प्रमाणिक संस्थान से कोर्स करने के लिए कम से कम 10 वीं या 12 वीं तक की पढ़ाई जरूरी है। किसी मेहंदी एक्सपर्ट या पार्लर में मेहंदी आर्ट सीखने के लिए आपका शिक्षित होना अनिवार्य नहीं है। अपने आसपास स्थित किसी संस्थान में आप दाखिला ले सकती हैं।

मेहंदी डिजाइनिंग कोर्स –
बेसिक मेहंदी डिजाइनिंग कोर्स,  मेहंदी डिजाइनिंग में एक माह का डिप्लोमा, सर्टिफिकेट इन एडवांस मेहंदी, सर्टिफिकेट इन बेसिक मेहंदी।

क्यों जरूर है कोर्स
प्रमाणित मेहंदी डिजाइनर के रूप में पहचान बनेगी। जिससे लोग आपकी प्रतिभा पर विश्वास कर पाएंगे। कोर्स के दौरान अनेक अलग-अलग प्रकार के मेहंदी डिजाइन सिखाए जाएंगे । आपकी  प्रतिभा को निखारा और संवारा जाएगा। पारम्परिक मेहंदी आर्ट, मेहंदी डिजाइन के अलग-अलग स्टाइल, मल्टी कलर मेहंदी डिजाइन, एम्बेलिश्ड मेहंदी डिजाइन, मेहंदी से अकृतियां बनाना, फ्यूशन मेहंदी, थिन एंड थिक लाइन मेहंदी, एलिमेंट्री मेहंदी डिजाइन, मेहंदी कोन का सही तरह से इस्तेमाल करना, प्रोफेशनल ब्राइडल मेहंदी, एडवांस मेहंदी डिजाइन, मेहंदी तैयार करना, कोन बनाना आदि सीख सकेंगी

रोजगार के अवसर
यदि आपने मेहंदी आर्ट में डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स किया है तो आप किसी ब्यूटी पार्लर में बतौर मेहंदी आर्टिस्ट नौकरी कर सकती हैं। बड़े-बड़े पार्लर अपना मेहंदी एक्सपर्ट रखते हैं। आप चाहें तो मेहंदी सिखाना भी शुरू कर सकती हैं। अगर आपके पास जगह व सुधिया है तो आप अपना मेहंदी पार्लर खोल सकती हैं। शादियों और उत्सवों पर तो हर महिला मेहंदी लगवाना पसंद करती है। करवाचौथ, ईद, दिवाली, तीज व अन्य सभी त्योहारों पर ब्यूटी पार्लर्स महिलाओं से खचाखच भरे होते हैं। ऐसे में आप अपना मेहंदी पार्लर खोल कर अच्छी कमाई कर सकती हैं। मेहंदी लगवाने में पैसे दिलखेाल कर खर्च किए जाते हैं। इसमें कोई मोलभाव नहीं होता।

आमतौर पर एक हाथ पर मेहंदी लगाने के 400 से 500 रुपए तक मेहंदी आर्टिस्ट लेते हैं। ब्राइडल मेंहदी तो दुल्हन के हाथ-पैरों, बाहों आदि तक लगाई जाती है। इसकी फीस भी काफी अधिक ली जाती है। इस व्यावसाय में बंधी-बंधाई आमदनी नहीं होती। आपके क्लाइंट की संख्या सीजन पर भी बहुत कुछ निर्भर करता है।

लोकप्रिय मेहंदी
इंडियन मेहंदी डिज़ाइन,  मारवाड़ी मेहंदी, अरबी मेहंदी डिजाइन, राजस्थानी मेहंदी डिजाइन, इंडो-अरबी मेहंदी डिजाइन, पाकिस्तानी मेहंदी डिजाइन, ब्राइडल मेहंदी डिजाइन, आधुनिक मेहंदी डिजाइन, टैटू मेहंदी डिजाइन, जिओमेट्रिक मेहंदी डिजाइन, मानव आकृति मेहंदी डिजाइन, ग्लिटर और अलंकृत मेहंदी डिजाइन आदि मशहूर हैं ।

Leave a Comment